← All articles

शुरुआत

पहली बार क्रिप्टो ख़रीदने से पहले: पाँच ज़रूरी बातें

कौन-सा सिक्का ख़रीदें, यह सबसे कम ज़रूरी सवाल है। शुरू करने से पहले असल में क्या तय करना चाहिए।

3 मिनट का पाठ · शुरुआत

जो सवाल मुझसे सबसे ज़्यादा पूछा जाता है वह है, “सर, कौन-सा कॉइन लें?”

और सच यह है कि शुरुआत में यह सबसे कम मायने रखने वाला सवाल है। पहले साल में लोग जितना पैसा गँवाते हैं, वह ग़लत सिक्का चुनने से नहीं गँवाते। वे इन पाँच में से किसी बात को नज़रअंदाज़ करके गँवाते हैं।

1. सिर्फ़ उतना डालिए जितना पूरा डूब जाए तो ज़िंदगी न बदले

यह वाक्य इतनी बार कहा जा चुका है कि अब लोग इसे सुनते ही नहीं। पर इसका मतलब बहुत ठोस है।

अगर वह पैसा डूब जाए तो क्या आपका किराया रुकेगा? EMI छूटेगी? किसी से उधार लेना पड़ेगा? अगर हाँ, तो रक़म ज़्यादा है, चाहे वह कितनी भी छोटी लग रही हो।

उधार लेकर, क्रेडिट कार्ड से, या किसी ज़रूरी चीज़ के पैसे से क्रिप्टो कभी मत ख़रीदिए। मैंने इसका अंजाम बहुत क़रीब से देखा है।

2. पहले निकालना सीखिए, फिर ज़्यादा डालिए

एक छोटी रक़म से शुरू कीजिए, और उसे वापस अपने बैंक खाते तक लाकर दिखाइए

इस एक अभ्यास से आपको वह सब पता चल जाएगा जो कोई वीडियो नहीं बता सकता: P2P कैसे चलता है, कितना समय लगता है, फ़ीस कहाँ कटती है, और कहाँ अटक सकता है।

जो लोग कभी निकालकर नहीं देखते, वे उस दिन पहली बार सीखते हैं जिस दिन उन्हें सच में पैसे की ज़रूरत होती है। वह सीखने का सबसे बुरा समय है।

3. टैक्स को पहले से जोड़कर चलिए

भारत में मुनाफ़े पर 30% टैक्स है, उस पर 4% सेस, और नुक़सान को मुनाफ़े से घटाया नहीं जा सकता।

इसका असर आपके सोचने के तरीक़े पर पड़ना चाहिए, बाद में नहीं, शुरू में। बार-बार ट्रेड करना यहाँ महँगा है, इसलिए नहीं कि फ़ीस ज़्यादा है, बल्कि इसलिए कि हर मुनाफ़े पर अलग टैक्स बनता है जबकि नुक़सान कहीं नहीं जुड़ता।

पूरी बात यहाँ समझाई है

4. जो चीज़ पहले ही बहुत भाग चुकी है, वह सुरक्षित नहीं लगनी चाहिए

नया आदमी हमेशा उसी सिक्के की तरफ़ जाता है जो पिछले महीने 300% भागा है, क्योंकि वह “काम करता हुआ” दिखता है।

पर जो भाग चुका है, वह आपके लिए सबसे महँगा पल है, सबसे सस्ता नहीं। और जिन्होंने वह भाग बनाया है, उन्हें बेचने के लिए किसी की ज़रूरत है।

यह बात उलटी लगती है, इसीलिए इतनी महँगी पड़ती है।

5. बेचने की योजना भी बनाइए

लगभग हर कोई तय करके आता है कि कब ख़रीदना है। लगभग कोई तय नहीं करता कि कब बेचना है।

नतीजा यह होता है कि पूरा साइकिल निकल जाता है, मुनाफ़ा दिखता है, फिर वापस चला जाता है, क्योंकि कोई ऐसा नंबर था ही नहीं जिस पर रुकना तय हो।

ख़रीदने से पहले एक बार सोच लीजिए: किस क़ीमत पर आप कुछ हिस्सा निकाल लेंगे? यह सवाल आज सोचना आसान है। बाद में, जब भाव भाग रहा होगा, तब बहुत मुश्किल हो जाएगा।


शुरुआत छोटी रखिए, एक बार पूरा चक्र करके देखिए, ख़रीदना, रखना, निकालना, और उसके बाद ही रक़म बढ़ाइए। जल्दबाज़ी इस बाज़ार में जितनी महँगी पड़ती है, उतनी किसी और चीज़ में नहीं।

beginnerhindirisk